लोक कल्याण केंद्र रामगढ़िया सभा की ओर से खालसा पंथ के स्थापना दिवस के मौके पर धार्मिक समागम और मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। सभा के प्रधान मनजीत सिंह मान की देखरेख में करवाए गए समागम में गुरुद्वारा साहिब में नई बनाई गई लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया।
धार्मिक समागम में भाई इकबाल सिंह हजूरी रागी, स्त्री सत्संग जत्था रामगढ़िया सभा, भाई पूरन सिंह के पंथक जत्थों ने संगत को अपने कथा, कीर्तन व गुरमति विचारों से निहाल किया। इस मौके पर बच्चों के दस्तार बंदी के मुकाबले हुए। इनमें भाग लेने वाले विजेता बच्चों को सभा के सदस्यों ने सम्मानित किया। महाराजा जस्सा सिंह डायग्नोस्टिक एवं चेरिटेबल सेंटर ने मेडिकल कैंप लगाया। इसमें डाक्टरों की टीम ने मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की और फ्री दवाएं भी बांटी। इस मौके पर महासचिव दविंदर सिंह ननड़ा ने बताया कि आठ मई को महाराजा जस्सा सिंह रामगढ़िया जी का जन्मदिवस गुरुद्वारा साहिब में मनाया जाएगा।