पंचकूला निवासी 11 वर्षीय नाबालिग की पीरमुछल्ला के एक तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सौरभ (11) पुत्र संतोष निवासी मकान नंबर-12 फतेहपुर, सेक्टर-20, पंचकूला के रूप में हुई है। सौरभ गांव में स्थित संस्कृत विद्यालय स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ता था।
संतोष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें सौरभ सबसे छोटा था। शनिवार को मोहल्ले के लड़कों के साथ छबील लगाई थी। कुछ देर सेवा करने के बाद करीब सवा 11 बजे सौरभ बड़े भाई गौरव और एक दोस्त को लेकर सेक्टर-25 पंचकूला और पीरमुछल्ला के बीच से होकर गुजरने वाली घग्गर नदी में नहाने के लिए चला गया। इस दौरान नदी से पहले एक तालाब मिला, तीनों ने इसी में नहाने की योजना बनाई।
शिकायतकर्ता के अनुसार सौरभ व गौरव कपड़े उतारकर नहाने के लिए तालाब में उतर गए। लेकिन कुछ देर बाद सौरभ अचानक तालाब के अंदर धंसता ही चला गया। गौरव ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सौरभ हाथ नहीं आया। काफी देर तक जब सौरभ का पता नहीं चला तो गौरव ने इसकी जानकारी घरवालों को दी। सूचना पाकर घरवाले व पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। सौरभ को तालाब से बाहर निकालने के लिए कोशिश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सौरभ का शव ढूंढकर तालाब से बाहर निकाल लिया। शव को देखते ही उसकी मां मंजू फूट-फूट कर रोने लगी। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए शव को डेराबस्सी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है, जहां रविवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
संतोष ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में बतौर ड्राइवर नौकरी करते हैं और उनकी पत्नी घरों में खाना बनाने का काम करती हैं। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पीरमुछल्ला में जिस तालाब में डूबकर सौरभ की मौत हुई है, वह जमीन घग्गर नदी से दूर है। यह जमीन सेखों बैंक्वेट (जीरकपुर) के मालिक शेरा की बताई जा रही है। पिछले दिनों यहां पर अवैध माइनिंग करने वालों ने करीब 20 फुट नीचे तक खुदाई करके रेत व बजरी निकाल लिए थे।
कोट
जिस जगह पर हादसा हुआ है, वह जमीन मेरी नहीं है। लोगों के द्वारा लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।
-रविशेर सिंह सेखों, मालिक सेखों बैंक्वेट