जीरकपुर। वार्ड नंबर 29 के गुरदेव नगर, भबात में शुक्रवार सुबह आवारा कुत्तों के झुंड ने युवक जसप्रीत सिंह पर हमला कर दिया। हमले में उसकी टांग बुरी तरह जख्मी हो गई। जानकारी के अनुसार, जसप्रीत अपने घर के पास खड़ा था, तभी कुत्तों के झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने उसकी टांग को नोच डाला। युवक के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे कुत्तों से बचाया। इसके बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और वे झुंड बनाकर घूमते हैं। लोगों के अनुसार, नगर परिषद को कई बार शिकायतें देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और लोगों को राहत देने की मांग की है।