डेराबस्सी। शहर में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर में सड़कों पर जगह-जगह मेनहोल खुले पड़े हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। हादसों से बचने के लिए स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर अस्थायी इंतजाम किए हैं।
जानकारी के मुताबिक शहर में हैबतपुर की ओर जाने वाली सड़क पर एक मेनहोल खुला पड़ा है, जहां गिरकर कई लोग हादसे का शिकार हो चुके हैं। स्थानीय लोगों की ओर से नगर काउंसिल के अधिकारियों को इस मेनहोल को बंद करने की सूचना देने के बावजूद किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। हादसों को रोकने के लिए स्थानीय लोगों ने राहगीरों को हादसों से बचाने के लिए इस खुले मैनहोल में लाठी लगा दी है, ताकि लोग इसे देखकर हादसे से बच सके।
इसी तरह रामदासियां मोहल्ले की गली जो ट्रक यूनियन की ओर जाती है, इस गली के बीच में गड्ढा बन गया है। यहां हादसों को देखकर लोगों ने गड्डे के पास एक डंडा लगाया है, ताकि कोई हादसा न हो। शहरवासियों ने अपना विरोध जताते हुए कहा कि एक तरफ पंजाब सरकार डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र को गेटवे ऑफ पंजाब के रूप में विकसित करने के बड़े-बड़े दावे कर रही है। वहीं, दूसरी ओर शहर में टूटी सड़कें और खुले पड़े मेनहोल नगर काउंसिल के विकास कार्यों की पोल खोल रहे हैं। वर्तमान में शहर में बरवाला रोड, गुलाबगढ़ से बेहडा रोड, मुबारकपुर रोड की स्थिति काफी दयनीय है और इस पर वाहन चलाना खतरे से खाली नहीं है।
इस संबंधी नगर काउंसिल की अध्यक्ष आशु उपनेजा ने कहा कि खुले पड़े मेनहोल समय-समय पर बंद करते रहते हैं, लेकिन कुछ के ढक्कन चोरी हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि खुले मैनहोल को जल्द ही बंद करवा दिया जाएगा। जिससे हादसों को रोका जा सके।