फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नए सेक्टरों में लगेंगे ओपन एयर जिम, इंडस्ट्रियल एरिया की करोड़ों से बदलेगी सूरत

विज्ञापन
विज्ञापन
मोहाली। नगर निगम में शामिल किए गए नए सेक्टरों के लोगों को भी अब उनके घरों के नजदीक ही पार्कों में ओपन एयर जिम की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही कुछ समय पहले निगम के अधीन आए खस्ता हाल चल रहे इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8ए और बी में 7 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य करवाए जाएंगे। इतना ही नहीं यहां की टूटी सड़कों को सुधारने के लिए पैच वर्क और प्रीमिक्स डालने का काम किया जाएगा। यह फैसला शुक्रवार को नगर निगम में हुई वित्त एवं ठेका कमेटी की बैठक मेें लिया गया है। इस अवसर पर शहर में होने वाले कुल 20 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने कहा कि उनके लिए शहर के सभी 20 वार्ड एक समान हैं और सभी में बिना भेदभाव के काम करवाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने साफ किया है कि वित्त एवं ठेका कमेटी की ताकत पहले की तरह बरकरार है। इस बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर अमरीक सिंह सोमल, डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी, कमेटी के सदस्य एवं पार्षद जसबीर मणकू, अनुराधा आनंद और कमिश्नर कमल कुमार गर्ग मौजूद थे।
विज्ञापन

जानकारी के मुताबिक कुछ समय पहले नगर निगम के अधीन सेक्टर-76 से लेकर 80 का इलाका है, लेकिन इन इलाकों में अभी तक ओपन एयर जिम की सुविधा नहीं थी। जबकि सभी पुराने सेक्टरों में यह सुविधा है। उक्त इलाके के पार्षदों की ओर से यह मामला मेयर के सामने उठाया गया था। इसके बाद इस बार वित्त एवं ठेका कमेटी में सेक्टर-76 से लेकर 80 तक के पांचों सेक्टरों में आउटडोर जिम बनाने के प्रस्ताव पास किए गए हैं। साथ ही कोरोना काल में खस्ता हुई सड़कों को सुधारने के प्रस्ताव को भी इस बैठक में मंजूरी मिली। इसके लिए पूरे शहर को विभिन्न जोन में बांटा गया है। कुछ इलाकों में जहां पर सड़कों को थोड़ा नुकसान हुआ है, वहीं पर पैच वर्क लगाए जाएंगे। जबकि कुुछ एरिया में नए सिरे से प्रीमिक्स डालकर सड़क ठीक की जाएंगी।
इस बैठक में यह भी तय किया गया है कि बरसात का मौसम आने वाला है। ऐसे में हार्टिकल्चर और स्ट्रीट लाइटों से जुड़े काम को पहल के आधार पर किया जाएगा। मेयर ने अधिकारियों से कहा है कि पूरे शहर में खुले पड़े जंक्शन बॉक्स सुधारे जाएं। बता दें कि इंडस्ट्रियल एरिया अभी नगर निगम के अधीन आया है। पहले इस एरिया की जिम्मेदारी पीएसआईईसी संभालती थी।
विज्ञापन

सड़कों की सुरक्षा पर भी खर्च होंगे लाखों रुपये
इन्हीं विकास कार्यों के साथ नगर निगम भवन सेक्टर-69 में एक वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम और फेज-3बी1 स्थित रोज गार्डन में नया टायलेट बनाया जाएग। इसके अलावा सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सड़कों पर स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक लाइट्स लगाई जाएंगी। उक्त बैठक में उन्होंने अधिकारियों को साफ कहा है कि काम की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा और इसका विशेष ध्यान रखा जाए। जिससे इलाके के लोगों को फायदा मिल पाए।
कोरोना काल में अपनी सेहत को लेकर गंभीर हुए लोग
जानकारी के मुताबिक कोरोना काल में लोग अपनी फिटनेस को लेकर काफी गंभीर हुए हैं। इसमें बच्चों से लेकर युवा, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। ऐसे में शहर के पार्कों में इस तरह की सुविधा होने से लोगों को फायदा होगा। उन्हें जिम के लिए पैसे खर्च नहीं करने पड़ेंगे। इसके अलावा जो कंपनी प्रोजेक्ट पर काम करेगी, वह ओपन एयर जिम की देखभाल का जिम्मा भी उठाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें