अज्ञात वाहन ने भारत माला प्रोजेक्ट के पास बाइक को मारी टक्कर, जीरकपुर के एक होटल में करता था काम
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। रक्षाबंधन पर अपनी तीन बहनों से राखी बंधवाने घर जा रहे 23 वर्षीय परमप्रीत की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार सुबह एयरपोर्ट चौक के पास भारतमाला रोड पर हुआ। वह परिवार का इकलौता बेटा था और गांव मछलीकलां का निवासी था। परमप्रीत पेशे से इलेक्ट्रिशियन था। वह पिछले करीब छह महीने से जीरकपुर के एक होटल में काम कर रहा था। वह वहीं अपनी रिश्तेदारी में रह रहा था। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे छुट्टी होने के बाद वह बाइक से अपने गांव मछलीकलां के लिए निकला था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह रक्षाबंधन के मौके पर अपनी बहनों से राखी बंधवाने जा रहा था। परमप्रीत अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके बुजुर्ग पिता बहुत कम काम कर पाते हैं, इसलिए परिवार की जिम्मेदारी काफी हद तक परमप्रीत के कंधों पर थी। उसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी।
एयरपोर्ट रोड पर भारतमाला प्रोजेक्ट के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने परमप्रीत की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद परमप्रीत सड़क किनारे जा गिरा। इसी दौरान डिवाइडर का एंगल उसके सिर में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक के दोस्त गुरजीत सिंह ने बताया कि हादसे के समय सुबह का वक्त होने के कारण सड़क पर ज्यादा ट्रैफिक नहीं था। टक्कर के बाद परमप्रीत सड़क किनारे पड़ा रहा। वहां से गुजर रहे एक राहगीर की नजर उस पर पड़ी तो उसने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। थाना प्रभारी अमनदीप कंबोज ने बताया कि पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के मुताबिक, पोस्टमार्टम शनिवार को होने की उम्मीद है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और एयरपोर्ट चौक से आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके।