मोहाली। जिले में कोरोना महामारी का संकट गहराया हुआ है। मंगलवार को कोरोना महामारी से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, जिले में कोरोना महामारी की वजह होने वाली मौतों का आंकड़ा 386 पर पहुंच गया। जो कि ट्राइसिटी में सबसे अधिक है। वहीं, इस दौरान 48 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। डीसी गिरीश दियालन ने इसकी पुष्टि करते हुए लोगों से अपील की है कि वह कोरोना गाइड लाइन का पालन जरूर करें, जिससे कोरोना महामारी को मात दी जा सके। उन्होंने कहा कि इसके लिए हमें लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।
जानकारी के मुताबिक एक सप्ताह से मोहाली में कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जबकि रिकवरी रेट काफी कम हो गया है। जो कि जिला प्रशासन के लिए सिरदर्दी बनता जा रहा है। हालांकि जिला प्रशासन ने लोगों से कहा है कि जिसमें भी कोरोना के लक्षण नजर आते हैं, वह तुरंत अपना टेस्ट करवाएं। जिससे इस महामारी को मात दी जा सके। वहीं, जिला प्रशासन के अधिकारी बाकायदा सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से रूबरू होकर लोगों को महामारी के प्रति जागरूक कर रहे हैं, हालांकि लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे।
जो नए कोरोना संक्रमित पाए गए हैं उनमें डेराबस्सी से दो और मोहाली शहरी क्षेत्र के 46 केस शामिल हैं। जिले में अब तक कोरोना के 20423 केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 19372 लोग ठीक हो चुुके हैं, जबकि अभी 665 केस सक्रिय हैं।