नयागांव। चंडीगढ़ से सस्ती शराब लाकर हिमाचल में तस्करी करने के आरोप में मुल्लांपुर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पुलिस ने 200 पेटी शराब बरामद की है जिसे वह कैंटर में ले जा रहा था। पुलिस ने शराब व कैंटर दोनों कब्जे में लेकर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान संजय कुमार निवासी गांव बडरेसा जिला मंडी हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सिसवां टी-प्वाइंट पर एक्साइज इंस्पेक्टर जोरावर सिंह व लोकल पुलिस पार्टी के साथ मौजूद थे। नाकाबंदी के दौरान वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान एक्साइज इंस्पेक्टर को सूचना मिली कि एक व्यक्ति चंडीगढ़ से सस्ती शराब लेकर उसे हिमाचल लेकर जा रहा है। पुलिस ने सूचना पर टी-प्वाइंट सिसवां पर नाकाबंदी कर ली। उसी दौरान वहां से हिमाचल नंबर कैंटर गुजरने लगा तो पुलिस ने उसे शक पर रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी दौरान पुलिस को कैंटर से 200 पेटी ओल्ड मॉक रम की बरामद हुईं।