आगे जा रही बस के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा, पीछे वाली बस की टक्कर से थार आगे चल रही बस से टकराई
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। वीरवार सुबह जीरकपुर फ्लाईओवर पर हरियाणा रोडवेज की एक बस की टक्कर से थार आगे चल रही दूसरी रोडवेज की बस से टकरा गई। हादसे में कोई चोटिल नहीं हुआ। थार की टक्कर से एक बस डिवाइडर से टकरा गई। इससे फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया। यह हादसा वीरवार सुबह करीब सवा 11 बजे हुआ। घंटों की मशक्कत के बाद यातायात सुचारु हो सका। थार चालक इमरान अली ने बताया कि वह बलटाना से मैकडी चौक की ओर जा रहा था।
जीरकपुर फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय उसके आगे चल रही हरियाणा रोडवेज की बस ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इसके बाद इमरान ने भी ब्रेक लगाया। इसी दाैरान पीछे से आ रही एक और हरियाणा रोडवेज की बस ने तेज रफ्तार से उसकी थार को टक्कर मार दी। इस टक्कर से थार आगे वाली बस से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आगे वाली बस डिवाइडर से लगी ग्रिल से टकराकर रुक गई और पलटने से बच गई। यदि बस नहीं रुकती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे की सूचना ऑनलाइन दर्ज करवाई गई। एसएसएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों वाहनों को एक तरफ किया और यातायात सुचारु किया। इस दाैरान हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
बस चालक भूपिंदर कुमार ने बताया कि बस का टायर फिसलने के कारण उन्हें अचानक ब्रेक लगानी पड़ी। उन्होंने कहा कि बस ज्यादा गति में नहीं थी, इसलिए उसे तुरंत नियंत्रित कर लिया गया। थार चालक इमरान अली के अनुसार पीछे वाली बस तेज रफ्तार में थी। इसी वजह से वह समय पर ब्रेक नहीं लगा पाई और थार को टक्कर मार दी। एसएसएफ टीम के मुलाजिम राजबीर सिंह ने बताया कि उन्हें हादसे की सूचना ऑनलाइन मिली थी। उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया। राजबीर सिंह ने पुष्टि की कि बाद में दोनों बस चालकों और थार चालक ने आपस में समझौता कर लिया था। इस हादसे में किसी को गंभीर चोटें नहीं आई।