शुक्रवार सुबह आई तेज आंधी से सेक्टर-78 स्थित मल्टीपरज स्पोर्ट्स स्टेडियम को नुकसान पहुंचा।
यहां पहली मंजिल की छत की सीलिंग पर लगी टाइलें आंधी से नीचे गिर गईं। खबर मिलते ही गमाडा में हड़कंप मच गया है।
गमाडा के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात का जायजा लेने के बाद उन्होंने ठेकेदार को नए सिरे से मरम्मत की हिदायत दी।
मल्टीपरपज स्टेडियम का मामला ज्यादा हाई-प्रोफाइल इसलिए है, क्योंकि दिसंबर में यहां बड़ा आयोजन होना है।
नौ एवं दस दिसंबर को इसी स्टेडियम में पंजाब का पहला इन्वेस्टमेंट प्रमोशन समिट हो रहा है। इसमें देश-विदेश के दो हजार से ज्यादा औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधि शामिल होने हैं।
सरकार द्वारा आयोजन स्थल फाइनल करने के बाद पिछले दिनों ही डिप्टी सीएम सुखबीर बादल, कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया और आला अफसरों के साथ यहां जायजा लेने आए थे।
सुखबीर ने स्टेडियम का दौरा कर आयोजन के प्रबंधों की समीक्षा की थी।
शुक्रवार की सुबह आई तेज आंधी पहली मंजिल की छत पर बाहर की तरफ लगी सीलिंग की टाइलें उखड़ कर नीचे आ गिरीं।
कुछ टाइलें लटक गईं। इसके बाद गमाडा के एसई जतिंदर मोहन, डिवीजनल इंजीनियर इलेक्ट्रिसिटी एके कटारिया समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
स्टेडियम का काम देख रहे एक्सईएन बलजिंदर सिंह ने कहा कि टाइलें फिट करने का काम चल रहा था। इसी दौरान आंधी आ गई और टाइलें नीचे गिर गईं।
उधर, फेज पांच में भी आंधी से एक पेड़ गिरा, परंतु कोई हादसा नहीं हुआ।