मोहाली। नंबरदार यूनियन ने मुख्य कार्यालय लांडरां में झंडा दिवस मनाया। झंडा फहराने की रस्म यूनियन के चीफ पैटर्न भूपिंदर सिंह गिल ने निभाई। इस मौके पर विभिन्न जिलों से आए नंबरदारों और पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि नंबरदारों की समस्याओं को लेकर कई बार सरकार के समक्ष मांग पत्र रखा लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। सरकार बनने से पहले नंबरदारों को मान भत्ता 3000 रुपये करने और नंबरदारी को वंशानुगत करने का वादा किया गया था लेकिन चार साल बीतने के बावजूद यह मांगें पूरी नहीं हुईं। इस दौरान नेताओं ने नंबरदारों से एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर नई रणनीति बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनावों में नंबरदार समाज उस पार्टी का समर्थन करेगा, जो उनकी समस्याओं का समाधान करेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभिन्न जिलों के पदाधिकारी और नंबरदार उपस्थित रहे।