मोहाली। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए 10वीं और 12वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन (री-इवेल्यूएशन) की सुविधा फिर से शुरू कर दी है। अब सिर्फ अंकों का जोड़ नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिखे गए उत्तरों की दोबारा जांच भी होगी।
इससे पहले बोर्ड केवल री-चेकिंग करता था, जिसमें केवल कुल अंकों के जोड़ की ही पुष्टि की जाती थी। लेकिन अब जिन विद्यार्थियों को अपने अंकों पर संदेह है, वे कॉपी मंगवाकर देख सकेंगे कि उनके उत्तरों की जांच सही ढंग से की गई है या नहीं। बोर्ड की डायरेक्टर्स मीटिंग में यह अहम फैसला लिया गया। बैठक में 8वीं, 10वीं और 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन पर विचार किया गया, जिसमें यह तय हुआ कि 8वीं कक्षा में फिलहाल केवल री-चेकिंग ही होगी, जबकि 10वीं और 12वीं में री-चेकिंग के साथ-साथ पुनर्मूल्यांकन भी लागू किया जाएगा।
गौरतलब है कि शिक्षा बोर्ड ने साल 2010 में भी पुनर्मूल्यांकन शुरू किया था, लेकिन अगले ही साल यानी 2011 में गड़बड़ियों और अनियमितताओं की शिकायतों के चलते यह प्रक्रिया बंद कर दी गई थी। अब करीब 14 साल बाद यह प्रक्रिया दोबारा शुरू की जा रही है। दरअसल, पिछले कुछ वर्षों में कई विद्यार्थियों ने बोर्ड के मूल्यांकन पर सवाल उठाते हुए कोर्ट का रुख किया था। अदालत ने भी यह टिप्पणी की थी कि विद्यार्थियों को अपनी उत्तर पुस्तिकाएं देखने का अधिकार मिलना चाहिए ताकि वे संतुष्ट हो सकें।