मोहाली। क्या आपका वोटर कार्ड नहीं बना? क्या आप मतदाता सूची में अपना नाम ढूंढ रहे हैं? या आपको चुनाव से जुड़ी कोई और जानकारी चाहिए? अब आम नागरिकों और मतदाताओं को अपने इन सवालों के जवाब के लिए कहीं भटकना नहीं पड़ेगा। भारत के चुनाव आयोग ने एक बेहद ही महत्वपूर्ण और लोगों से जुड़ा कदम उठाकर ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ नाम का नया मॉड्यूल शुरू किया है। यह सुविधा वोटर सर्विस पोर्टल पर उपलब्ध है, जिसका मतलब है कि अब आप सीधे अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से फोन पर बात कर सकते हैं।
मतदाताओं को सीधी राहत
जिला चुनाव अधिकारी-सह-उपायुक्त कोमल मित्तल ने इस सुविधा को लोगों के लिए गेम चेंजर बताया है। उनका कहना है कि यह कदम मतदाताओं को उनके सबसे करीबी चुनावी अधिकारी से सीधे जोड़ता है। अब चाहे वोटर लिस्ट से जुड़ा कोई फॉर्म हो, वोटर आईडी कार्ड की जानकारी हो, या चुनावी पर्ची की बात हो, सब कुछ एक फोन कॉल पर हल हो जाएगा।
यह सुविधा कैसे काम करेगी?
1. नागरिक वोटर सर्विस पोर्टल पर बुक ए कॉल विद बीएलओ का चयन करके अनुरोध दर्ज करते हैं।
2. नागरिक और बीएलओ दोनों को तुरंत एक एसएमएस अलर्ट मिलता है।
3. संबंधित बीएलओ नागरिक को फोन करके समस्या का समाधान करते हैं।
4. बीएलओ अपने एप में स्टेटस को कनेक्टेड अपडेट करके पारदर्शिता सुनिश्चित करते है।