जीरकपुर। नगर परिषद नए प्रधान बने उदयवीर सिंह ढिल्लों सोमवार को अपना कार्यभार संभालेंगे। अधिसूचना जारी होने के बाद स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां कर ली हैं। बता दें कि निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने शहर में भारी सीटों के अंतर से शिअद उम्मीदवारों को हराया था। इसके बाद नवनियुक्त पार्षदों के शपथ ग्रहण के बाद हुई बैठक में वार्ड-12 से पार्षद बने उदयवीर सिंह ढिल्लों को सर्वसम्मति से प्रधान चुना गया था।
बता दें कि जीरकपुर नगर परिषद प्रदेश की सबसे अमीर परिषदों में से एक है। इसको ‘ए’ श्रेणी का दर्जा हासिल है और इसके अंदर 31 वार्ड बनाए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक नगर परिषद में प्रधान, वरिष्ठ प्रधान और उपप्रधान के पद भी हैं। लेकिन यहां अभी कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रधान पद को ही भरा गया है। जबकि बाकी सीटें खाली हैं। नवनियुक्त प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों को नगर परिषद की ओर से प्रतिमाह कुल 18 हजार वेतन दिया जाएगा, जिसमें 7 हजार प्रतिवार्ड, 1 हजार टेलीफोन भत्ता और प्रधानगी के लिए 10 हजार रुपये वेतन के साथ अदा किए जाएंगे। दूसरी ओर, प्रत्येक पार्षद को प्रतिवार्ड की देखरेख के लिए 7 हजार प्रतिमाह, 1 हजार टेलीफोन भत्ता और 500 रुपये प्रति बैठक यानी कुल 8500 रुपये अदा किए जाएंगे। वहीं, प्रधान और पार्षदों को बाकायदा बैंक में खाता खोला जाएगा, जिनको महीने में एक तारीख को वेतन अलॉट किया जाएगा।