जीरकपुर। चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर स्थित होटल हॉलिडे इन के विवा रेस्टोरेंट में शनिवार रात एक ग्राहक को वेज दिखाकर नॉन वेज खाना भेज दिया गया। परिवार ने जब भोजन खाना शुरू किया तो उन्हें पता चला कि यह तो नॉन वेज है। परेशान परिजनों ने तुरंत होटल और पुलिस को ऑन लाइन शिकायत की। एडवोकेट साहिल गोयल बताया कि उसने बीती रात करीब पौने 9 बजे अपने और अपने परिवार के लिए ऑनलाइन डिलीवरी एप से वेज मेनू देखकर खाना आर्डर किया।
विवा रेस्टोरेंट की तरफ से उन्हें नॉन वेज (गिलाफी सीख कबाब) भेज दिया गया। इसके बाद रविवार को एडवोकेट साहिल गोयल ने एक प्रेसवार्ता में बताया कि उन्होंने 25 अक्टूबर की रात करीब पौने नौ स्वीगी ऑन लाइन एप्लीकेशन के माध्यम से होटल हॉलिडे इन में स्थित रेस्टोरेंट विवा से परिवार के लिए वेज मैन्यु देखकर गिलाफी सीख कबाब मंगवाया था, जो कि एप पर स्पष्ट रूप से वेज (शाकाहारी) दिखाया गया था। एडवोकेट गोयल ने बताया कि यह बात तब सामने आई जब उनके असिस्टेंट ने ध्यान दिलाया कि मंगवाया हुआ खाना वास्तव में नॉन-वेज है। तब तक एडवोकेट गोयल और उनकी पत्नी लगभग आधा खाना खा चुके थे।
इसके तुरंत बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने स्वयं को अस्वस्थ महसूस किया। गोयल ने बताया कि उनका परिवार पूरी तरह शुद्ध शाकाहारी है। पाठ-पूजा के दिनों में प्याज-लहसुन तक का सेवन नहीं करता। ऐसे में यह घटना न केवल उपभोक्ता के साथ धोखाधड़ी है बल्कि उनकी धार्मिक भावनाओं को गहरा आघात पहुंचाने वाली बात है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मांग की कि ऐसे रेस्टोरेंट पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी भी उपभोक्ता के साथ इस तरह की ठगी और अपमानजनक घटना न हो। एडवोकेट गोयल ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को फोन कर शिकायत दर्ज करवाई दी थी और उन्हें उम्मीद है कि पुलिस जल्द इस कार्रवाई भी करेगी। उन्होंने आगे कहा कि वे उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए इस मामले को कानूनी रूप से आगे बढ़ाएंगे।
हमें स्वीगी एप से ऑर्डर आया था, यह गलती उनके तरफ से हुई है। उन्होंने अपने मैन्यू में वेज नॉन वेज में गलत अपडेट किया हुआ था। इसके लिए स्वीगी एप को मेल कर दी है। उन्हें अपना लिस्ट ठीक करने के लिए बोला है। हमारे पास जो ऑर्डर आया था, हमने वही भेजा है। बाकी हम अपने स्तर पूरी जांच कर रहे हैं। - अमित कुमार, जीएम हॉलिडे इन होटल जीरकपुर