जीरकपुर। स्थानीय सब-तहसील में सोमवार को हड़ताल के चलते एक भी रजिस्टरी नहीं हुई। अधिकारियों की अनुपस्थिति के चलते लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा। आलम यह रहा कि दूर दराज के राज्यों से लोग रजिस्टरी करवाने कार्यालय पहुंचे, परंतु कर्मचारियों की हड़ताल की जानकारी न होने से परेशान हो गए।
सोमवार को भारी संख्या में लोग स्थानीय सब-तहसील कार्यालय पहुंच गए, जिन्होंने यहां पहुंचकर अपनी जमीन की खरीद-फरोख्त संबंधी कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों से बात की तो पता चला कि डीसी इंप्लाइज ने मांगों को लेकर कलमछोड़ हड़ताल शुरू की है। वहीं, सोमवार को हड़ताल का पहला दिन था, जिसमें कर्मचारी कार्यालय तो जरूर पहुंचे, लेकिन उन्होंने दस्तावेजों से जुड़े किसी काम को हाथ नहीं लगाया।
पहले दिन 1 करोड़ से अधिक का नुकसान
सब-तहसील कार्यालय से जुड़े अधिकारियों की मानें तो अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित शहर जीरकपुर के अंदर भारी संख्या में लोग जमीन की खरीदारी करते हैं। दूसरी ओर, भारी संख्या में लोगों की ओर से जमीन खरीदने के चलते स्थानीय सब-तहसील में 60 से 70 रजिस्टरियां होती हैं। इससे सरकार को रोजाना 1 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त होता है। दूसरी ओर, कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सोमवार को एक रजिस्टरी नहीं हुई। इसके चलते पंजाब के राजस्व विभाग को पहले दिन करोड़ों रुपये का घाटा अकेले जीरकपुर क्षेत्र से हुआ है।