मोहाली। भले ही जिले के शहरी इलाके में कोरोना टीकाकरण काफी तेजी से किया जा रहा है, लेकिन गांवों में टीकाकरण को तेज करने के लिए अब गांव की पंचायतों का सहयोग लिया जाएगा। इसके लिए सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर ने गांव के सरपंचों से अपील की है कि लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने दावा किया है कि जिले में दवाई की कोई कमी नहीं है। साथ ही लोगों को टीकाकरण करवाने में गुरेज नहीं करनी चाहिए। सिविल सर्जन ने बताया कि कुछ लोगों को लग रहा है कि टीकाकरण के बाद मास्क पहनने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन यह बात बिल्कुल गलत है। उन्होंने साफ किया है कि भले ही कोविड की पाबंदियां हट गईं हैं, लेकिन लोगों को पहले की तरह मास्क पहनना, एक दूसरे से उचित दूरी रखना और हाथ धोने की आदत को नहीं छोड़नी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर ने कहा कि लोगों में कोरोना वायरस फैलने से रोकने के लिए पंजाब सरकार ने सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना जरूरी किया हुआ है। जो मास्क नहीं पहनते, उनके बाकायदा चालान तक किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों को समझाया कि छोटी मोटी मुश्किल आने पर अस्पताल जाने से गुरेज करें। बल्कि मेडिकल हेल्पलाइन नंबर 104 पर सीधे संपर्क करें।
एक दिन में 20 हजार लोगों के टीकाकरण का बना रिकॉर्ड
सिविल सर्जन के मुताबिक कुछ दिन पहले जिले में मेगा टीकाकरण शिविर लगाए गए थे। इस दौरान एक दिन में रिकॉर्ड 20 हजार लोगों ने टीकाकरण करवाकर रिकॉर्ड बनाया था। इनमें 15469 लोगों को पहली खुराक और 5490 लोगों को दूसरी खुराक दी गई थी। उन्होंने बताया इससे पहले 29 अप्रैल को 13480 लोगों का टीकाकरण हुआ था। जिन बुजुर्गों ने अभी तक भी टीकाकरण नहीं करवाया है, वह किसी भी दिन सेहत केंद्र में जाकर टीका लगवा सकते हैं। टीकाकरण बिल्कुल मुफ्त में किया जाता है।
जिले में ऐसे हुआ टीकाकरण
जिले में अब तक 6 लाख 11 हजार 337 लोगों को टीका लग चुका है। इनमें 5 लाख 31 हजार 139 लोगों को कोविशील्ड और 80198 लोगों को को-वैक्सीन के टीके लगाए गए। वहीं 60 साल से अधिक उम्र के 88,099 बुजुर्गों को कोविशील्ड और 9480 बुजुर्गों को को-वैक्सीन लगाई गई।