बलटाना में निशान यात्रा निकालते श्रद्धालु। संवाद
जीरकपुर। बलटाना क्षेत्र में पिछले करीब एक वर्ष से चल रहे श्री सनातन धर्म खाटू श्याम मंदिर का निर्माण मुकम्मल हो गया है। मंदिर में मूर्ति स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम 26 अप्रैल से शुरू हो चुका है। मंगलवार को बलटाना की फर्नीचर मार्केट से श्री सनातन धर्म खाटू श्याम मंदिर तक निशान यात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों श्याम भक्तों ने हिस्सा लिया।
निशान यात्रा के दौरान विभिन्न प्रकार की झांकियां भी निकाली गई, जिन्हें देख भक्त मंत्रमुग्ध होते रहे। इस दौरान फूलों तथा इत्र की वर्षा भी लगातार होती रही। निशान यात्रा फर्नीचर मार्केट बलटाना से शुरू होकर सोही टावर, एकता विहार, बलटाना मेन मार्केट से होते हुए श्री सनातन धर्म खाटू श्याम मंदिर बलटाना में समाप्त की गई।
श्री सनातन धर्म खाटू श्याम मंदिर बलटाना के अध्यक्ष मणि शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम के बाद बुधवार को मंदिर में श्री खाटू श्याम जी की मूर्ति स्थापना की जाएगी। इसमें भजन गायक कन्हैया मित्तल द्वारा भी अपने भजनों के साथ इस कार्यक्रम को चार चांद लगाया जाएगा।