मोहाली। वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरकेश चंद शर्मा मछली कलां ने जिले के गांवों से निकलने वाली भारत माला सड़क पर लगाए दिशा-निर्देश बोर्डों में पंजाबी भाषा की अनदेखी करने पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की कड़ी निंदा की है। सड़क पर लगाए बोर्ड दिखाकर शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने मोहाली के गांवों की उपजाऊ जमीनों का अधिग्रहण करके यह सड़क बनाई है।
यहां बोर्ड केवल हिंदी और अंग्रेजी में लिखे हैं। गांवों के लोग हिंदी और अंग्रेजी की जगह पंजाबी भाषा आसानी से पढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि वैसे भी बोर्डों से पंजाबी भाषा का गायब होना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि सरकार ने पंजाब में भारत माला सड़क के साइन बोर्डों पर मातृभाषा पंजाबी को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार और पंजाबी भाषा की समृद्धि के लिए काम करने वाले पंजाब के भाषा विभाग को बिना देरी किए इस मामले पर ध्यान देना चाहिए।