डेराबस्सी। गांव सुंडरा मोरठीकरी रोड पर पिछले कुछ दिनों से टेढ़े बिजली के खंभे हादसों का कारण बने हुए हैं। पावरकॉम विभाग के अधिकारी अब तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। संजीव पंच, सौरव और दलजीत सिंह सुंडरा ने बताया कि इस सड़क पर कई बिजली के खंभे बुरी तरह झुक गए हैं और कुछ तो टूटने की कगार पर हैं।
इन खंभों के आसपास की तार भी ढीली हो गई है। इसकी वजह से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने कई बार पावरकॉम विभाग के अधिकारियों को इस बारे में सूचित किया लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है। इस सड़क से रोजाना सैकड़ों लोग और वाहन गुजरते हैं। खासकर स्कूली बच्चों और राहगीरों के लिए ये खंभे एक बड़ा खतरा बने हुए हैं। लोगों ने प्रशासन और पावरकॉम के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए और जल्द से जल्द टेढ़े खंभों को सही किया जाए ताकि किसी भी अप्रिय हादसे से बचा जा सके।
पावरकॉम विभाग के एसडीओ गुरप्रीत सिंह ने कहा कि जल्द ही टीम मौके पर टीम भेजकर खंभों की मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। - एसडीओ गुरप्रीत सिंह, पावरकॉम विभाग