जीरकपुर। शहर में जाम की समस्या और पैदल सड़क पार करने वाले राहगीरों को बड़ी राहत मिलने वाली है। क्योंकि डीसी मोहाली के आदेशों पर मैकडी चौक पर फुट ओवरब्रिज बनाने का काम शुरू कर दिया गया है और सिंघपुरा चौक से घग्गर फ्लाईओवर तक स्लिप रोड तैयार कर दी है और रविवार को यहां से ट्रैफिक निकालने के लिए ऐसे खोल दिया जाएगा। क्योंकि इस जगह रोजाना भारी जाम रहता था। जाम कि समस्या को दूर करने के लिए ही यहां दो फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं। जिनका काम शुरू कर दिया गया है।
मैकडी चौक से लेकर मेट्रो मॉल तक सर्विस लेन पर पहले ड्रेन डालने का काम शुरू किया था और फिर स्लिप रोड को तैयार करने के काम लगभग पूरा कर लिया है। जिसमें से सिंघपुरा चौक से लेकर घग्गर पुल तक की स्लिप रोड पूरी तरह तैयार हो चुकी है और रविवार से हाईवे का ट्रैफिक स्लिप रोड पर डायवर्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद हाईवे पर फ्लाईओवर बनाने का काम शुरू किया जाएगा। 15 नवंबर से पहले काम काफी धीमी गति से चल रहा था लेकिन डीसी मोहाली की फटकार के बाद काम काफी तेज कर दिया था। इसको देखकर लगता है कि जल्द लोगों को जाम से छुटकारा मिल जाएगा।
अमर उजाला ने उठाया था मुद्दा, डीसी ने दिया था दो फुट ओवरब्रिज का आदेश
शहर की आबादी के साथ-साथ ट्रैफिक भी बहुत ज्यादा हो गया है और पैदल सड़क पार करने वाले राहगीरों के लिए सड़क पार करना एक बड़ी चुनौती बन चुका था। इस मुद्दे को अमर उजाला की ओर से लगातार प्रमुखता से उठाया गया था और कई बार छापा गया। इस पर संज्ञान लेते हुए डीसी मोहाली अमित तलवार ने बाती 15 नवंबर को चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर दो फुट ओवरब्रिज बनाने के आदेश दिए थे। इनमें से एक का काम शनिवार से शुरू कर दिया गया है। लोगों को सड़क पार करने के लिए काफी समय खड़े रहना पड़ता था और कई बार तो लोग जल्दबाजी में वाहनों के आगे से निकलते थे तो कई हादसे भी हो चुके हैं। पहला फुट ओवरब्रिज मैकडी चौक पर बन रहा है और दूसरा फुट ओवरब्रिज मेट्रो मॉल के सामने बनाया जाना है। जिसका काम भी जल्द शुरू कर दिया जाएगा।
बॉक्स
ऊपर चढ़ने के लिए एस्केलेटर और नीचे उतरने के लिए बनेगी सीढ़ियां
लोगों की सुविधा के लिए जो फुट ओवरब्रिज बनाया जा रहा है, उसमें ऊपर चढ़ने के लिए एस्केलेटर और नीचे उतरने के लिए आम सीढ़ियां बनाई जा रही है। क्योंकि ज्यादातर देखा गया है कि फुट ओवरब्रिज के दोनों ओर सीढ़ियां बना दी जाती हैं। जिसे लोग इस्तेमाल नहीं करते, क्योंकि बहुत सारे लोगों को सीढ़ियां चढ़ने में समस्या होती है। इसके चलते प्रशासन ने लोगों कि सुविधा के लिए यहां एक तरफ एक्सेलेटर और दूसरी ओर सीढ़ियां बनाई हैं। क्योंकि नीचे उतरना हर किसी के लिए आसान होता है। इस फुट ओवरब्रिज से बच्चों और बुजुर्गों को काफी फायदा होगा क्योंकि फुट ओवरब्रिज चढ़ने में उन्हें अब कोई समस्या नहीं आएगी।
कोट्स
यहां पर फुट ओवरब्रिज बनाने के लिए फाउंडेशन डालने का काम शुरू कर दिया गया है और जल्द एस्केलेटर लगाना भी शुरू कर दिया जाएगा। तीन से चार महीने के अंदर काम पूरा कर दिया जाएगा। यह पूरा काम बिना देरी किए जल्द पूरा कर दिया जाएगा। -मुनीश कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर एनएचआईए।