लालड़ू। गांव हंसाला में मंगलवार देर शाम एक नवविवाहिता की दहेज के लिए संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। पुलिस ने ससुराल परिवार के तीन सदस्यों और बिचौलिए के खिलाफ केस दर्ज किया है। मायकों वाला का आरोप है कि ससुराल वाले लड़की को दहेज के लिए तंग करते थे जिस के चलते लड़की को गला दबा कर मारा है। चारों आरोपी फरार बताए गए हैं। उन्हें गिरफ्तार करने की मांग को लेकर बुधवार देर शाम लैहली पुलिस चौकी गेट के बाहर एंबुलेंस में नवविवाहिता का शव रखकर परिजनों ने करीब एक घंटे तक नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस द्वारा आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का आश्वासन मिलने पर परिजन शाहबाद लौट गए। इस बीच बुधवार दोपहर डॉक्टर्स का बोर्ड बनाकर पिंकी के शव का डेराबस्सी अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया।
पिंकी के पिता ओमप्रकाश, भाई राहुल सहित रिश्तेदार मामचंद, अमर सिंह, सतनाम सिंह, माता नीलम, सुमन, चरणो, जीत कौर सहित अन्यों ने रोष जाहिर करते हुए बताया कि उनकी लड़की की ससुराल परिवार ने हत्या की है और 24 घंटे बीत जाने पर भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी। उनकी मांग थी कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करके उन्हें इंसाफ दे।
भाई बोला- बहन ने फोन कर कहा था, जीजा पीट रहा है, बचा लो..
मायका पक्ष ने बताया कि पिंकी (21) का विवाह 27 अप्रैल 2019 को गांव हंसाला के करमजीत सिंह के साथ हुआ था पर शादी के दो महीने बाद ही करमजीत काम छोड़कर घर पर बैठ गया। बाद में वह नशा करने लग पड़ा जिससे घरेलू कलह बढ़ने लगी। नशे की पूर्ति के लिए वह पिंकी को मायके से पैसे लाने के लिए प्रताड़ित करने लगा। वह अक्सर उसे पीटने लगा। मंगलवार दोपहर को भी जब करमजीत के साथ झगड़ा चल रहा था तो पिंकी ने रोते हुए फोन कर राहुल को बताया कि करमजीत उसे पीट रहा है, आप लोग जल्दी आकर उसे बचा लो। जब वे मंगलवार को देर शाम हंसाला पहुंचे तो पिंकी मौके पर मृत मिली।
शॉल से गला घोंटकर हत्या करने का शक
लैहली चौकी इंचार्ज कुलवंत सिंह के अनुसार प्राथमिक जांच में पता चला है कि पिंकी की शॉल से गला घोंटकर हत्या की गई है। पिंकी के पिता ओमप्रकाश के बयान पर पिंकी के पति करमजीत सिंह, ससुर बहादुर सिंह, सास ज्ञानो और बिचौलिया अमरीक सिंह वासी नगला निकट शाहबाद के खिलाफ आईपीसी 304-बी (दहेज हत्या), 120-बी (साजिश में मिलीभगत) व 34 (मिलकर जुर्म करना) के तहत केस दर्ज कर लिया है। हत्या के लिए प्रयुक्त शॉल, उसके कपड़ों समेत कमरे में बरामद अन्य साक्ष्य पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।