डेराबस्सी। हलका डेराबस्सी में लंबे समय तक शांत रहने के बाद खनन माफिया फिर से सरगर्म हो गया है। हलका डेराबस्सी में से गुजरने वाली घग्गर नदी व इसके साथ लगती जमीनों में खनन माफिया अवैध रूप से गरैवल व रेत चुरा रहा है। कुछ दिन पहले जब रामगढ़ पुलिस उनका पीछा करते हुए गांव ककराली पहुंची तो खनन माफिया ने टीम पर बी हमला कर दिया था लेकिन इसके बाद भी प्रशासनिक अधिकारी जागे नहीं हैं। इसके चलते खनन माफिया के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार डेराबस्सी के मुबारिकपुर क्षेत्र में निकलने वाली घग्गर नदी के किनारे पड़ने वाले गांव ककराली, दफरपुर, मुबारिकपुर में खुलेआम अवैध खनन होता है। इसी तरह डेराबस्सी के गांव चड़ियाला, बाकरपुर, बोहड़ा बोहड़ी, जीरकपुर के गांव शताबगढ़, रामपुर कलां में भी इन दिनों अवैध खनन का खेल जोरों से चल रहा है। इस समय सबसे अधिक अवैध खनन छतबीड़ चिड़ियाघर के पिछली ओर जंगलात विभाग की जमीन में चल रहा है। वहां माफिया ने कई अवैध रास्ते बना रखे हैं।
इस बारे में कई बार ड्रेनेज विभाग की ओर से उच्च अधिकारियों को यहां पर होने वाले अवैध खनन के कारण घग्गर नदी पर बनूड़ के गांवों को पानी देने के लिए बनाए डैम को नुकसान पहुंचने की बात कही जा चुकी है लेकिन इसके बावजूद प्रशासनिक व खनन विभाग के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं देते। इससे स्पष्ट है कि खनन माफिया को राजनीतिक सरपरस्ती हासिल है और अधिकारियों की मिलीभगत से वे यह खेल चला रहे हैं।
बता दें कि पिछले दिनों खरड़ के एसडीएम खरड़ ने मौके का दौरा कर यहां एक पोकलेन मशीन पकड़ी थी लेकिन आज तक उसका मालिक सामने नहीं आया। वहीं विभाग ने भी इस मामले को पूरी तरह से दबा दिया है। ग्रामीण कई बार इसकी लिखित व मौखिक शिकायतें कर चुके हैं पर समस्या जस की तस है।
इस बारे मे संपर्क करने पर एसडीएम डेराबस्सी कुलदीप बावा ने कहा कि मामला ध्यान में आने के बाद इसकी जांच कर बनती कार्रवाई की जाएगी।