डेराबस्सी। गांव त्रिवेदी कैंप में बिजली विभाग की भारी लापरवाही के कारण लोगों की जान पर बना खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। पूरे गांव में कई स्थानों पर बिजली की तार टूट-फूट कर खुली लटकी हुई हैं। कुछ जगह तार जमीन को छू रहे हैं तो कुछ घरों और दीवारों के बिल्कुल ऊपर उलझे हुए हालत में पड़े हैं। गांव के लोगों का कहना है कि यह स्थिति पिछले कई महीनों से बनी हुई है लेकिन विभाग की ओर से न तो तार बदले जा रहे हैं और न ही कोई मेंटेनेंस का काम किया गया है। किसी भी समय करंट लगने से बड़ा हादसा हो सकता है।
समस्या को लेकर बिजली विभाग को कई बार शिकायतें की गईं, पर किसी अधिकारी ने मौके पर आकर स्थिति का जायज़ा लेना तक जरूरी नहीं समझा। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और बिजली विभाग को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो गांव की जनता सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन करेगी।