संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने नशीली दवाओं की लगभग 5 लाख प्रतिबंधित गोलियां बरामद की हैं। जीरकपुर के पी आर 7 (200 फीट) रोड स्थित पहलवान ढाबे के नजदीक नाकाबंदी कर एक ट्रक को पकड़कर नशे का जखीरा बरामद किया गया।
इस ऑपरेशन को एनसीबी अधिकारी परमजीत सिंह कुंडू ने लीड किया। उन्होंने बताया कि उन्हें कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि देहरादून से अमृतसर जाने वाले एक ट्रक में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां भेजी जा रही हैं, जिनका उपयोग आगे नशे के रूप में किया जाना है।
बुधवार रात जब संदिग्ध ट्रक 200 फीट रोड से गुजर रहा था, तो उसे रोककर उसकी तलाशी ली गई। ट्रक के अंदर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित गोलियों के कार्टन बरामद हुए, जिनकी बाजार में कीमत करोड़ों में बताई जा रही है।
इस मौके परमजीत सिंह कुंडू ने बताया कि यह सिर्फ एक ट्रक भर दवाइयों की बात नहीं है, बल्कि यह एक बड़ा संगठित गिरोह है, जो देशभर में इस तरह की प्रतिबंधित दवाइयों की सप्लाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है और इसका उपयोग युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने के लिए किया जाता है।
उन्होंने बताया कि एनसीबी इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह खेप किन लोगों के लिए भेजी जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन शामिल हैं। इस कार्रवाई में जीरकपुर पुलिस का भी सहयोग रहा।