नयागांव बनेगा पॉलिथीन मुक्त, जगह-जगह लगेंगे प्लास्टिक बैंक
स्वच्छ भारत मिशन के तहत किया जा रहा काम, मोबाइल टॉयलेट भी खरीदेगा नगर परिषद
संवाद न्यूज एजेंसी
नयागांव। अब शहर जल्द ही प्लास्टिक मुक्त हो जाएगा। नगर परिषद इसके लिए पॉलिथीन मुक्त नयागांव मुहिम चलाएगा। हालांकि, शहर में पॉलिथीन इस्तेमाल करने पर पाबंदी पहले से ही हैए लेकिन इसके बावजूद लोग पॉलिथीन का इस्तेमाल कर रहे हैं। पॉलिथीन में सामान देने वालों के खिलाफ परिषद समय-समय पर कार्रवाई भी करता रहा है। अब नगर परिषद पॉलिथीन के इस्तेमाल को रोकने के लिए सख्ती से काम करेगा, वहीं पॉलिथीन के लिफाफे और प्लास्टिक की बोतलों को एकत्रित करने के लिए बाजार में लोहे की जाली के प्लास्टिक बैंक लगाए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक नगर परिषद शहर को नीट एंड क्लीन बनाने के लिए कुछ इनोवेटिव प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहा है। पॉलिथीन के इस्तेमाल करने पर पूरी पाबंदी लगाई जाएगी। इसे स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रमोट किया जाएगा। परिषद इलाके के लिए कुछ नए मोबाइल टॉयलेट भी खरीद रहा है। पुराने खराब पड़े टॉयलेट रिपेयर का काम भी किया जाएगा।
मार्केट और प्रमुख स्थानों पर रखे जाएंगे प्लास्टिक बैंक
नगर परिषद की ओर से प्लास्टिक बैंक बनवाए जा रहे हैं। ये मार्केट समेत एमसी एरिया के प्रमुख स्थानों पर रखे जाएंगे। बड़ी मार्केट में चार डस्टबिन का सेट लगा जाएगा। इनमें नीले रंग के डस्टबिन में सूखा कचरा, हरे रंग के डस्टबिन में गीला कचरा, लाल रंग के डस्टबिन में प्लास्टिक, पॉलिथीन और पीले रंग के डस्टबिन में कागज फेंक सकेंगे।
प्लास्टिक लिफाफे धरती को करते हैं जहरीला
देश में तकरीबन पांच लाख टन प्लास्टिक कचरे का सालाना उत्पादन होता है। इसका निस्तारण करना बहुत बड़ी समस्या है। इस वजह से प्लास्टिक के लिफाफे धरती को जहरीला बनाने के साथ-साथ उपजाऊ शक्ति को खोखला कर रहा है। आलम यह है कि पाबंदी के बावजूद प्लास्टिक के लिफाफे धड़ल्ले से बिक रहे हैं। जबकि इससे सभी को नुकसान है।
कोट
लोग जगह-जगह प्लास्टिक के लिफाफे और बोतलें फेंक देते हैं। इस कारण शहर की सुंदरता के साथ ड्रेनेज सिस्टम में भी दिक्कत आ रही है। इसे कम करने के लिए शहर में जगह-जगह प्लास्टिक बैंक बनाए जा रहे हैं। लोगों को इसके बारे में जागरूक किया जाएगा। -अशोक कुमार, कार्यकारी अधिकारी, नयागांव नगर परिषद