मोहाली। खरड़ नेशनल हाईवे की खस्ताहाल और वहां पर रोजाना लगने वाले जाम का मामला गरमा गया है। इस मामले में अब डीसी गिरीश दियालन ने संज्ञान लिया है। उन्होंने नेशनल हाईवे अथारिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को पत्र लिखा है। साथ ही रोड की हालत सुधारने और जाम से छुटकारा दिलाने के लिए कहा है।
डीसी ने पत्र में कहा है कि उन्होंने नेशनल हाईवे स्थित जीरकपुर, डेराबस्सी और खरड़ का दौरा किया था। इस दौरान पाया कि डेराबस्सी×जीरकपुर हाईवे की हालत काफी खराब है। वहां पर कई तरह की समस्याएं हैं। एक तो वहां पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं, जरा सी बारिश होने पर वहां पर जलभराव हो जाता है। इसके अलावा आए दिन वहां पर जानलेवा हादसे होते हैं। इसी तरह उन्होंने खरड़ नेशनल हाईवे का मुद्दा भी अपने पत्र में उठाया है। उन्होंने कहा कि अपने दौरे में उन्होंने पाया कि खरड़ नेशनल हाईवे की हालत भी काफी खराब है। जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं। इससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। वहीं, डीसी ने कहा कि फ्लाईओवर का निर्माण कर रही कंपनी एनएचएआई में कुछ विवाद चल रहा है। उन्होंने खस्ताहाल सर्विस रोड का मुद्दा भी पत्र में उठाया है। इसके अलावा हाईवे से जुडे़ कई मुद्दों को उन्होंने अपने पत्र में उठाया है। इस संबंध में उन्होंने एनएचएआई से सात दिन में रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा कि यह भी बात देखने में आई है कि पीआर-7 को पंचकूला साइड से सीधा कनेक्शन नहीं है।