पार्क में फिर मृत मिला राष्ट्रीय पक्षी
फेज-3बी2 के पार्क में सैर करते लोगों ने शव देखा तो वन विभाग को सूचित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। फेज-3बी2 के पार्क में एक बार फिर रविवार को मृत राष्ट्रीय पक्षी मोर मिला है। सुबह जब आसपास के लोग पार्क में सैर करने के लिए पहुंचे तो उन्होंने यहां पर मृत मोर को देखा। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों को इसके बारे में सूचित किया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम के सदस्य आदर-सम्मान के साथ मोर के शव को अपने साथ ले गए। जानकारी के मुताबिक रविवार को छुट्टी होने के कारण पोस्टमार्टम सोमवार को किया जाएगा। इसके बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
बता दें कि पिछले तीन महीनों में राष्ट्रीय पक्षी मोर के शव मिलने की मोहाली में यह तीसरी घटना है। मई में ही राष्ट्रीय पक्षियों की मौत की खबर आ गई है। अभी चार मई को ही आवारा कुत्तों के हमले से फेज-2 में एक मोर की मौत हो गई थी। वहीं, इससे पहले सात फरवरी को फेज-3ए में कुत्तों के नोचने से एक मोर की जान चली गई थी।