लालड़ू। पंजाब एटक (एआईटीयूसी) के राज्य उपाध्यक्ष साथी विनोद चुग के नेतृत्व में नगर पंचायत वर्कर यूनियन लालड़ू के कर्मचारियों ने नगर काउंसिल दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार द्वारा जारी किए गए चार लेबर कोड की प्रतियां जलाते हुए उन्होंने मांग की कि इन चारों लेबर कोड को तुरंत वापस लिया जाए और पुराने लेबर कानून ही बहाल रखे जाएं। इसके अलावा इन नए कोड में सारी राहत पूंजीपतियों को ही दी गई है।
इस मौके पर पंजाब एटक के राज्य उपाध्यक्ष साथी विनोद चुग और यूनियन के प्रधान राजेश कुमार ने बताया कि कर्मचारियों में केंद्र सरकार के खिलाफ काफी रोष देखने को मिला है और वे मजदूर विरोधी कानूनों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे। केंद्र की मोदी सरकार लगातार मजदूरों के हकों पर हमले कर रही है। मजदूरों के अधिकारों का हनन करने वाले ये 4 लेबर कोड असल में मजदूर वर्ग के साथ किया गया डबल धोखा है। इन काले कानूनों का भुगतान मोदी सरकार को आने वाले समय में करना पड़ेगा।
मजदूरों को गुमराह कर रही सरकार
चुग ने कहा कि पहले से हो चुके नुकसान के बाद, अब 4 लेबर कोड जारी करके मजदूरों का और भी बड़ा नुकसान कर दिया गया है और उनके अधिकारों का पूरी तरह हनन किया गया है। उन्होंने सरकारी झूठ का पर्दाफाश करते हुए चेतावनी दी कि सरकार टीवी चैनलों पर सिर्फ पुराने कानूनों में दर्ज ओवर टाइम और सामाजिक सुरक्षा जैसी सहूलियतें गिनाकर मजदूरों को गुमराह कर रही है, जबकि पूंजीपतियों को मिली असली राहत और मजदूरों को हुए नुकसान को छिपाया जा रहा है। एटक नेता ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए तुरंत इन 4 लेबर कोड को वापस लेने की पुर जोर मांग की है। इस प्रदर्शन में कमल कुमार, संजीव कुमार, बिट्टू कुमार, सुखविंदर सिंह, निर्मल सिंह और बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।