जीरकपुर। जीरकपुर में हो रहे अवैध निर्माण कार्यों पर नगर काउंसिल ने कार्रवाई की। इसी कड़ी में बुधवार को नगर काउंसिल की टीम ने जीरकपुर-पटियाला रोड पर तीन अवैध निर्माणों को रुकवा दिया। वहीं गांव नाभा साहिब मोड़ के पास कामर्शियल प्लॉट में एक टैंकनुमा निर्माण को नगर काउंसिल की टीम ने गिरा दिया। नगर काउंसिल की कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण की जुगत में बैठे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार एमई मुकेश राय और एटीपी राजेश जिंदल के नेतृत्व में टीम जेसीबी लेकर सबसे पहले पटियाला रोड पर दशमेश कालोनी में पहुंची। यहां शोरूम की छत पर अतिरिक्त मंजिल बनाने के लिए पिलर निकाले गए थे जबकि इसका नक्शा नगर काउंसिल से पास नहीं करवाया गया था। इसे पहले काउंसिल शोरूम मालिक को नोटिस भी भेज चुकी थी। इसके बाद टीम ने साथ ही चल रहे एक अन्य शोरूम के करवाए जा रहे निर्माण की जांच की। यहां तीसरी मंजिल पर बिना मंजूरी के छत डालने की तैयारी की जा रही थी, जिसे नगर की टीम ने रोकने की हिदायत का नोटिस देकर नगर काउंसिल दफ्तर में स्पष्टीकरण देने के लिए 2 दिन का समय दिया। इसके बाद पटियाला रोड पर ही गांव नाभा साहिब मोड़ के पास एक कामर्शियल निर्माण में बनाए जा रहे एक टैंकनुमा निर्माण को नगर काउंसिल की टीम ने जेसीबी की मदद से गिरवा दिया। फिर टीम ने इसी सड़क पर बन रही एक और इमारत का काम रुकवाया जिसे पहले भी रुकवाया गया था, लेकिन मालिक फिर भी नहीं माना।