मोहाली। गायक एली मांगट द्वारा एक तरफ जहां डीजीपी पंजाब को शिकायत देकर मोहाली के एक डीएसपी व सोहाना थाने के पुलिस मुलाजिमों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही उन पर कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
वहीं, इस मामले में अब धार्मिक संस्था शिव सेना हिन्द भी उतर आई है। मंगलवार को संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष निशांत शर्मा ने गायक रम्मी रंधावा और प्रिंस रंधावा से बहस के चलते रैपर हरकीरत सिंह मांगट उर्फ एली मांगट के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि एली मांगट ने सोहाना पुलिस थाने में डीएसपी, उनके दो गनमैन व एक इंस्पेक्टर ने बेरहमी से घंटों तक पीटने और पिटाई की वीडियो भी बनाने के झूठे आरोप लगाए हैं। मांगट ने खुद को बचाने के लिए सोची-समझी साजिश के तहत पुलिस पर झूठे व बेबुनियाद आरोप लगाए है ताकि पुलिस की कार्रवाई से बचा जा सके।
उन्होंने कहा कि एली अपने काले कारनामों पर पर्दा डालने के लिए पुलिस को बदनाम करके खुद को बचाना चाहता है। शर्मा ने डीजीपी से गुहार लगाई है कि इस सारे मामले की जांच एडीजीपी लेवल के अधिकारी से करवाई जाए ताकि सारी सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे गायक जो नशे व हथियारों को प्रमोट करते है, उन पर प्रतिबंध लगना चाहिए।