जीरकपुर। अंकल जी! हमारे गांव में एक ढंग का पार्क तक नहीं हैं, हम खेलने के लिए कहां जाएं। ये कहना है कि गांव नाभा में रहने वाले बच्चों का। गौरतलब है कि गांव नाभा साहिब को नगर काउंसिल की तरफ से गांव को अपने अधीन किए हुए लंबा समय हो चुका है, परंतु आज भी यहां रहने वाले लोग बुनियादी सुविधाओं को लेकर मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, जीरकपुर-पटियाला हाईवे पर स्थित गांव नाभा साहिब को स्थानीय नगर काउंसिल की ओर से 2005-06 में अपने अधीन शामिल किया गया था। तब से लेकर आजतक इस गांव की आबादी में काफी वृद्धि हुई है। दूसरी ओर, जिस तरह गांव की आबादी ने तरक्की की है, उसी तरह गांव के विकास कार्यों की तरफ नगर काउंसिल ने ध्यान नहीं दिया। क्योंकि 15 साल से अधिक समय से नगर काउंसिल के अधीन होने के बावजूद यहां एक पार्क तक नहीं है। यहां रहने वाले लोगों को अपने बच्चों को खेलकूद के अलावा सैर करवाने के लिए अन्य जगह जाना पड़ता है।
क्या कहते हैं लोग
दूसरी जगह जाने को मजबूर
गांव नाभा की आबादी अब कई हजार हो चुकी है, इसके बावजूद नगर काउंसिल की तरफ से आजतक यहां एक सरकारी पार्क का निर्माण नहीं करवाया जा सका। गांव में रहने वाले लोगों को अपने बच्चों को बाहरी जगहों में ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। -केसर सिंह
बुनियादी सुविधाएं नहीं
गांव नाभा साहिब को नगर काउंसिल में शामिल हुए 15 साल से अधिक का समय हो चुका है, परंतु आज भी लोग बुनियादी सुविधाओं को लेकर मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या युवाओं को आती है, जिनके पास खेलने के लिए एक पार्क तक नहीं है। -लक्की नाभा
पार्क बनाए नगर काउंसिल
सारा दिन घर में रहने वाले बच्चों को शाम को बाहर खेलने जाना हो तो पभात या ढकोली नेचर पार्क जाना पड़ता है, जो यहां से 4 से 5 किलोमीटर दूरी पर है। नगर काउंसिल को चाहिए गांव के अंदर सरकारी पार्क का निर्माण करके लोगों को सुविधाएं प्रदान की जाएं। -कुलवंत सिंह
काउंसिल को करोड़ों की कमाई
नगर काउंसिल को हर साल करोड़ों रुपये की कमाई अलग-अलग टैक्सों से होती है। इसके बावजूद शहर के लोगों को आधुनिक बुनियादी सुविधाओं को लेकर मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। जल्द से जल्द यहां पार्क तैयार करवाना चाहिए, ताकि लोग परेशान न हों। -जसपाल सिंह
कोट्
अधिकारियों को भेजी है फाइल
गांव नाभा साहिब में पार्क बनाने के लिए प्रस्ताव काफी समय पहले की पास कर दिया गया था। यहां पार्क बनाने संबंधी फाइल को उच्चाधिकारियों के पास भेजा गया है। अभी अधिकारियों की तरफ से मंजूरी नहीं मिली है। मंजूरी मिलने के बाद जल्द से जल्द पार्क का निर्माण कार्य का काम शुरू करवा दिया जाएगा। - संदीप तिवाड़ी, ईओ, नगर काउंसिल जीरकपुर।