मोहाली। शहर में नगर निगम चुनाव का बिगुल बज गया है। गलियों और मोहल्लों में उम्मीदवारों के पोस्टर और बैनर लगने शुरू हो गए हैं। अभी तक अकाली दल को छोड़कर किसी भी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों का एलान नहीं किया है। कुछ पार्टियां जहां उम्मीदवारों के साक्षात्कार ले रही हैं तो कुछ उम्मीदवारों के लिए इलाके में सर्वे करवा रही हैं।
उम्मीद जताई जा रही है कि 26 तारीख तक सभी राजनीतिक दलों की स्थिति साफ हो जाएगी। नामों की घोषणा न होने की वजह से उम्मीदवार भी चिंता में हैं। नेताओं का कहना है कि उम्मीदवारों की सूची देर से जारी करने से भीतरघात का खतरा कम हो जाता है।
इस बार नगर निगम चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित करने में अकाली दल सबसे आगे रहा है। अकाली दल की तरफ से सबसे पहले 28 उम्मीदवारों की सूची घोषित की गई थी। इसको लेकर नेताओं ने बगावत कर दी थी। वहीं, 28 नेता पार्टी को अलविदा कह गए थे। इसके बाद पांच और उम्मीदवारों का एलान किया था। पार्टी के सीनियर नेता प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने कहा था कि एक दो दिन में उनकी तरफ से सारी सीटों के उम्मीदवार घोषित कर दिए जाएंगे।
कांग्रेस ने नहीं घोषित किए उम्मीदवार
राज्य की सत्ता पर काबिज कांग्रेस पार्टी ने अभी तक अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं। हालांकि कांग्रेस के ऑब्जर्वर पार्टी के नेताओं से मीटिंग कर चुके हैं। वहीं, चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों से दावेदारी भी ली जा चुकी है। कांग्रेस के सीनियर नेता कुलजीत सिंह बेदी का कहना है कि पार्टी पूरी तरह से तैयार है। कांग्रेस के नेता चुनावी मैदान में सक्रिय हैं। हालांकि जब उनसे पूछा गया कि पार्टी उम्मीदवार कब तक घोषित करेगी। इस सप्ताह के आखिर तक उम्मीदवारों का एलान कर दिया जाएगा।
आप की सूची तैयार, हाईकमान की मंजूरी का इंतजार
आम आदमी पार्टी भी गत कुछ समय से पूरी तरह सक्रिय है। कई नामी लोग भी पार्टी को ज्वाइन कर चुके हैं। हालांकि सूत्रों की मानें तो पार्टी द्वारा चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों से दावेेदारी ले ली है। अब उनके इलाकों में सर्वे करवाया जा रहा है। ऐसे में उसी व्यक्ति को पार्टी द्वारा उम्मीदवार बनाया जाएगा, जो कि आसानी से सीट निकाल सकता है। आप के सीनियर नेता विनीत वर्मा ने बताया कि पार्टी दो चरणों में उम्मीदवारों का एलान करेगी। पहली सूची कभी भी घोषित की जा सकती है। सूची मंजूरी के लिए पार्टी हाईकमान को भेजी गई है।
भाजपा भी सूची जारी करने में पिछड़ी
अकाली दल से अलग होकर चुनाव लड़ रही भाजपा ने अभी तक एक भी उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। हालांकि पार्टी के सीनियर नेता केडी भंडारी नेताओं से कई चरण की मीटिंग कर चुके हैं। इस संबंध में जब बीजेपी नेता अशोक झा से संपर्क किया गया तो उनका कहना है कि उनकी चालीस वार्डों की सूची लगभग तैयार है। वह 26 तक उम्मीदवारों का एलान कर देंगे।
अब सुखबीर बादल खुद हुए सक्रिय
मोहाली के अकाली दल में हुई बगावत को पार्टी के सीनियर नेता गंभीरता से ले रहे हैं। सूत्रों से पता चला है कि पार्टी के सूबा प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने सीनियर नेता कुलदीप कौर कंग से मीटिंग की है। मीटिंग के लिए वह उनके घर पहुंचे थे। साथ ही उन्हें पार्टी छोड़ने की वजह जानी है। पता चला है कि उनकी तरफ से अपनी बात साफ कर दी गई है। वहीं, सूत्रों से पता चला है कि आने वाले वाले समय पार्टी को अलविदा करने वाले कुछ नेता घर वापसी कर सकते हैं। हालांकि इस बारे में बोलने से बच रहे हैं।