मोहाली। नगर निगम चुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की सोमवार को संबंधित रिटर्निंग अधिकारी जांच करेंगे। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। जांच के दौरान उम्मीदवारों के जमा करवाए दस्तावेजों, शपथ पत्रों और अन्य जरूरी कागजातों की पड़ताल की जाएगी ताकि चुनाव प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और नियमों के अनुसार पूरा किया जा सके। डीसी कम जिला चुनाव अधिकारी कोमल मित्तल ने कहा कि जिन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही मिलेंगे, उनकी अंतिम सूची जारी की जाएगी।
इसके बाद उम्मीदवार 19 मई तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में रहने वाले उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से करवाने के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए गए हैं। चुनाव अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अपनी जिम्मेदारियां पूरी ईमानदारी से निभाने के निर्देश हैं। उन्होंने उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों से आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन करने की अपील की है ताकि किसी भी तरह का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाए।