बढ़ती महंगाई पर केंद्र पर साधा निशाना
कहा- मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही सरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। श्री आनंदपुर साहिब से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने शहर के विभिन्न वार्डों में बैठक कर लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान वार्ड नंबर 45, गांव टंगोरी, वार्ड नंबर 7, वार्ड नंबर 32 और गांव रायपुर खुर्द में विकास कार्यों के लिए करीब 18.50 लाख की ग्रांट के चेक बांटे।
इस दौरान बढ़ती महंगाई और लोगों से किए वादे पूरे न होने पर केंद्र सरकार को फिर निशाने पर लिया। सांसद ने कहा कि लोग अभी तक उनसे किए गए वादे पूरे होने का इंतजार कर रहे हैं। लगातार बढ़ रही महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ दी है और घर का खर्च चलाना भी मुश्किल हो चुका है। आटा, दाल, सरसों तेल, रसोई गैस के सिलिंडर जैसी मूलभूत चीजों के रेट सीमा से बाहर जा चुके हैं। जबकि सरकार लगातार इन मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।