जीरकपुर। शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बिग बाजार के लाइट प्वाइंट पर सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय परिवार बाइक पर अपनी बीमार बेटी को दवा दिलाने ढकोली अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान एक ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। मृतक महिला की पहचान अंशुलता (30) और उसकी 4 वर्षीय बेटी अनन्या के रूप में हुई है। दोनों मृतक मां-बेटी का शव जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ के शवगृह में रखवा दिया है। जबकि मृतका के घायल पति हरीश (35) का इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद ट्रक चालक अपना ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर ट्रक कब्जे में ले लिया है। जांच अधिकारी नाथी राम ने बताया कि उक्त परिवार ग्रीन पार्क सोसायटी जीरकपुर में रहता है। बाइक सवार हरीश की जान इसलिए बच गई क्योंकि उसने हेलमेट पहना हुआ था।