जीरकपुर। ढकोली स्थित कृष्णा एनक्लेव में रविवार को श्री राम सेवा संघ ने मैक्स अस्पताल के सहयोग से एक निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। शिविर में 300 से अधिक लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। इस कैंप में शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी और थायराइड सहित विभिन्न जांचें की गईं। शिविर का उद्देश्य आम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और समय पर जांच की महत्ता को रेखांकित करना रहा। कार्यक्रम में श्री राम सेवा संघ के संस्थापक एवं भाजपा प्रदेश सचिव संजीव खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रधान सुधीर कांटीवाल गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर संघ के प्रभारी विशाल शर्मा ने शिविर की रूपरेखा तैयार की और कहा कि भविष्य में भी जीरकपुर के विभिन्न क्षेत्रों में इसी तरह के सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।