मोहाली। पंजाब सरकार ने राज्यभर की सभी 112 हेल्पलाइन कॉल्स को एक ही जगह से नियंत्रित करने की योजना को मंजूरी दे दी है। मोहाली के सेक्टर-89 में एक अत्याधुनिक केंद्रीय कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इस भवन का निर्माण करीब एक एकड़ भूमि पर किया जाएगा और यहां से पूरे राज्य की इमरजेंसी कॉल्स पर तुरंत कार्रवाई होगी। मोहाली को हेल्पलाइन कॉल्स का गढ़ बनाने के लिए पंजाब पुलिस हाउसिंग निगम ने इस काम के लिए टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही दिवाली के बाद इस पर काम भी शुरू कर दिया जाएगा।
कंट्रोल रूम में राज्यभर से आने वाली हर 112 कॉल का रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसमें रिस्पॉन्स टाइम और स्टेटस रिपोर्ट भी शामिल होगी। अधिकारियों के अनुसार यदि कोई अमृतसर से 112 पर कॉल करता है, तो वह सीधे मोहाली स्थित केंद्रीय कंट्रोल रूम से जुड़ेगी। वहां का स्टाफ मामले की गंभीरता और श्रेणी के अनुसार कॉल को महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, ट्रैफिक विंग या नजदीकी पुलिस स्टेशन को ट्रांसफर करेगा।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस परियोजना के शुरू होने के बाद जिलेवार बने छोटे-छोटे कंट्रोल रूम समाप्त कर दिए जाएंगे। सभी कॉल्स का प्रबंधन सिर्फ मोहाली से ही किया जाएगा। इससे समय की बचत होगी और सेवा भी प्रभावी बनेगी। पुलिस विभाग का मानना है कि इस केंद्रीकृत व्यवस्था से न सिर्फ रिस्पॉन्स टाइम बेहतर होगा, बल्कि पूरे पंजाब में पुलिसिंग की गुणवत्ता और जनता को तुरंत राहत पहुंचाने की क्षमता भी बढ़ेगी। संवाद
यह रहेगी व्यवस्था
अत्याधुनिक केंद्रीय कंट्रोल रूम के नए सिस्टम के तहत स्थान-आधारित सेवाओं (एलबीएस) और गूगल एमरजेंसी लोकेशन सर्विस का उपयोग किया जाएगा। इससे कॉल करने वाले की स्थिति का सटीक पता चलेगा। भले ही वह अपना स्थान बताने में असमर्थ हो। यह सेवा 24 घंटे और 7 दिन उपलब्ध रहेगी।
अत्याधुनिक केंद्रीय कंट्रोल रूम बनाने के लिए पंजाब पुलिस हाउसिंग निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। उम्मीद है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही इस पर तुरंत काम भी शुरू कर दिया जाएगा। -रणजोध सिंह, चीफ इंजीनियर पीपीएचसी