चारदीवारी और सड़क का काम पूरा होते ही शुरू होगी वेस्ट मैनेजमेंट प्रक्रिया, 9 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। शहर में लंबे समय से जमा हो रहे कूड़े के पहाड़ और बिगड़ती सफाई व्यवस्था से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने समगौली वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को चालू करने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। प्लांट की अधूरी चारदीवारी और सड़क का निर्माण जल्द पूरा करवाकर इसे शुरू करने की तैयारी है। इससे शहर में कूड़ा निस्तारण की समस्या का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। शुक्रवार को सेक्टर-68 स्थित नगर निगम भवन में मेयर सरबजीत सिंह समाना की अध्यक्षता में हुई फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट्स कमेटी की बैठक में समगौली प्लांट का मुद्दा प्रमुखता से उठा। बैठक में फैसला लिया गया कि प्लांट को शुरू करने से पहले जरूरी बुनियादी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे करवाए जाएंगे।
मोहाली में कूड़ा निस्तारण की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। विभिन्न इलाकों के आरएमसी प्वाइंट पर कचरा जमा होने से स्थानीय निवासियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ऐसे में समगौली प्लांट का शुरू होना शहर की सफाई व्यवस्था के लिए अहम माना जा रहा है।
बैठक में शहर के विकास कार्यों को भी मंजूरी दी गई। अलग-अलग वार्डों में करीब 9 करोड़ रुपये के सड़क निर्माण, मरम्मत और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य स्वीकृत किए गए, जबकि 30 करोड़ रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों के एस्टीमेट तैयार किए गए हैं।
वहीं, फेज-5 शाहीमाजरा में सब्जी मंडी बंद करवाने के विवाद पर मेयर ने कहा कि कुछ नेता मामले को राजनीतिक रंग दे रहे हैं। बैठक में निगम कमिश्नर संदीप सिंह सहित कई पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे।