मोहाली। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी ने मोहाली शहर में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम उठाया है। लंबे समय से सही ढंग से संचालित न हो रहे शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियमों पर अब गमाडा ने गंभीरता से ध्यान देना शुरू कर दिया है। इसके तहत फिलहाल एक साल की अवधि के लिए छह स्टेडियमों के लिए कोचों, स्टाफ की भर्ती और स्टेडियमों के संचालन व रखरखाव का जिम्मा ठेके पर देने का फैसला लिया गया है। गमाडा की योजना के अनुसार शहर के विभिन्न स्पोर्ट्स स्टेडियमों में अलग-अलग खेलों के लिए कोचों और तकनीकी स्टाफ की भर्ती की जाएगी।
एक साल की अवधि में केवल कोचों और स्टाफ की भर्ती पर करीब तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराना और स्टेडियमों को फिर से सक्रिय बनाना है। यह नियुक्तियां मोहाली के सेक्टर-56, 59, 61, 65, 69 और 71 में स्थित स्टेडियमों में की जाएंगी। इन स्टेडियमों में कई खेलों से जुड़े प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ की तैनाती होगी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को शहर में ही बेहतर प्रशिक्षण मिल सके। गमाडा ने कोचों और स्टाफ की भर्ती के साथ-साथ स्टेडियमों के संचालन व रखरखाव को लेकर टेंडर भी कॉल कर दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार एक साल की अवधि पूरी होने के बाद व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी और उसी के आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा। संवाद
व्यवस्था पर खर्च होंगे 50 लाख
गमाडा ने इन स्टेडियमों के संचालन, संचालन व्यवस्था एवं रखरखाव का कार्य भी एक साल के लिए ठेके पर देने का निर्णय लिया है। इस मद में करीब 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें साफ-सफाई, बिजली-पानी व्यवस्था, मैदानों की देखरेख और अन्य बुनियादी सुविधाओं का प्रबंधन शामिल होगा। फिल हाल मौजूदा समय में स्टेडियमों की हालत ठीक नहीं है, कुछ समय पहले गमाडा ने निगम को सौंपने की कार्रवाई शुरू की थी लेकिन नहीं दिए गए।
रेनोवेशन के बाद अब ठेके की तैयारी
मोहाली के स्पोर्ट्स स्टेडियमों पर करोड़ों रुपये खर्च कर रेनोवेशन किए जाने के बाद अब इनके संचालन और रखरखाव को ठेके पर देने की तैयारी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, लंबे समय तक सही प्रबंधन न होने के चलते स्टेडियम अपेक्षित रूप से उपयोग में नहीं आ पाए। इसी को देखते हुए अब गमाडा द्वारा ठेके के माध्यम से बेहतर संचालन व्यवस्था लागू करने की योजना बनाई गई है।