मोहाली। पुलिस ने अपराधियों और हथियार तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल कर तीन आरोपियों को छह हथियारों और कारतूसों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग बोर के पिस्टल बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। डीएसपी राजन परमिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खरड़ निवासी विकास उर्फ लक्की अपने पास अवैध हथियार रखता है।
उसके कुछ साथियों के पास भी हथियार मौजूद हैं। सूचना के आधार पर थाना सदर खरड़ में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने विकास उर्फ लक्की को गांव बडाली के पास एक कार से अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसके साथियों अनीश कुमार उर्फ हनी बॉक्सर निवासी सेक्टर-36 चंडीगढ़ और प्रदीप सिंह उर्फ बिल्ली निवासी खरड़ को भी गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध हथियार मेरठ (उत्तर प्रदेश) से लेकर आए थे। पुलिस ने विकास से दो हथियार, हनी बॉक्सर से दो हथियार और प्रदीप सिंह से एक पिस्टल बरामद की। इसके अलावा इनके फरार साथी साजन के फ्लैट की छत से भी एक .45 बोर पिस्टल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार हनी बॉक्सर के खिलाफ अमृतसर, फरीदकोट और मोहाली में पहले से अवैध हथियार और मारपीट के तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में छापे मार रही है।