मोहाली के आईएस बिंद्रा पीसीए स्टेडियम में 20 सितंबर को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने टी-20 मैच को लेकर इस बार सुरक्षा घेरा काफी मजबूत रहेगा। पीसीए व उसके आसपास के एरिया को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट कम डीसी अमित तलवार की तरफ से इस संबंधी आदेश जारी कर दिए गए हैं। उक्त आदेशों का पालन न करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक मैच के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा को पुलिस व प्रशासन द्वारा काफी गंभीरता से लिया जा रहा है। प्रशासन के आदेश के मुताबिक पीसीए स्टेडियम व इसके आसपास के एरिया में ड्रोन उड़ाने पर भी पाबंदी रहेगी। एरिया पूरी तरह से नो फ्लाइंग जोन रहेगा। इन एरिया में ड्रोन व अनमैन्ड एरियल वाहन के उड़ाने पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। हालांकि यह आदेश जिला प्रशासन से स्पेशल अनुमति लेकर उड़ाए जाने वाले ड्रोन पर लागू नहीं होगा। आदेश बीस तक लागू रहेंगे।
इससे पहले पुलिस व जिला प्रशासन ने तय किया है कि इस बार मैच की सुरक्षा में 1500 मुलाजिम तैनात किए जाएंगे। इसमें एसपी स्तर के 12 अधिकारी, डीएसपी स्तर के 36, इंस्पेक्टर 52 अधिकारी लगाए जाएंगे। इसके अलावा सुरक्षा के लिए लगाए जाने वाले 105 कैमरों में दस चेहरा पहचानने वाले कैमरे व 12 चौक क्रॉसिंग कैमरे लगाए जा रहे हैं। यह सारी चीजें एक योजनाबद्ध तरीके से लगाई जाएंगी। इसके अलावा सोशल मीडिया से लेकर हर चीज पर पुलिस की नजर रहेगी। स्टेडियम के अंदर किसी भी तरह की एतराज योग्य चीज ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा फायर सुरक्षा के लिए चंडीगढ़ और मोहाली की टीमें रहेगी।