नयागांव। सांसद मनीष तिवारी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने गांव टांडा की पंच सुनीता कौर के लड़के को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
14 अगस्त को पटियाला की राव नदी में पानी के तेज बहाव के कारण गांव की पंच सुनीता कौर एवं उनके पति सज्जन कुमार की मृत्यु हो गई थी। गांव से काफी दूर गांव धनास एवं गांव झामपुर में उनके शव बरामद हुए थे। घटना के समय खरड़ के एसडीएम रविंद्र कुमार ने परिजनों को एक बच्चे की सरकारी नौकरी का भरोसा दिया था। उसके बाद श्री आनंदपुर साहिब के सांसद मनीष तिवारी 19 अगस्त को पीड़ित परिवार से मिलने गांव टांडा गए थे। इस दौरान उनका खुद का काफिला भी रास्ते में फंस गया था। उन्हें पैदल जूते उतारकर पीड़ित परिवार के घर तक जाना पड़ा था। गांववासियों ने सांसद से एक बच्चे को नौकरी दिलवाने की मांग की थी।