मोहाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रवार को प्रस्तावित दौरे को लेकर मोहाली पुलिस पूरी तरह से हाई अलर्ट पर है। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पांच जिलों की पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स सहित करीब 1500 जवानों को तैनात किया गया है। मुल्लांपुर रूट के लिए शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जाने वाले मार्ग सहित जिले के तमाम संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए बुधवार को एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में जिले के सभी एसपी, डीएसपी, एसएचओ के अलावा सुरक्षा व्यवस्था में शामिल पड़ोसी जिलों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। एसएसपी ने अधिकारियों को सुरक्षा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन, रूट सैनिटाइजेशन, एंटी-सबोटेज जांच और क्विक रिस्पॉन्स टीमों की तैनाती पर विशेष चर्चा की गई।
एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि प्रधानमंत्री जालंधर रवाना होने से पहले मुल्लांपुर का दौरा करेंगे। इसे देखते हुए मुल्लांपुर क्षेत्र और एयरपोर्ट मार्ग पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा। चंडीगढ़ से सटे मोहाली के सीमावर्ती इलाकों में भी पूरे दौरे के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। प्रधानमंत्री के काफिले की निर्बाध आवाजाही के लिए मोहाली और चंडीगढ़ पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से काम कर रही हैं। यह सुरक्षा इंतजाम प्रधानमंत्री का कार्यक्रम संपन्न होने तक पूरी तरह प्रभावी रहेंगे।