मोहाली। त्योहारों की चहल-पहल के बीच शहर के बाजारों में जहां रौनक अपने चरम पर है, वहीं सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की चुनौती भी बड़ी हो गई है। बढ़ती भीड़, सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां और अस्थाई स्टॉल्स ने कई जगहों पर हालात मुश्किल कर दिए हैं। शहर के फेज-3बी1, फेज-4, फेज-5 और फेज-7 की मार्केटों में सुबह से लेकर देर रात तक ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। दुकानों के बाहर अस्थाई ठेले और कारों की गलत पार्किंग के कारण कई इलाकों में लंबे ट्रैफिक जाम देखने को मिल रहे हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने मोर्चा संभाला, चालान भी जारी
डीएसपी ट्रैफिक जरनैल सिंह ने बताया कि त्योहारों के सीजन में ट्रैफिक को संभालने के लिए अतिरिक्त जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस कर्मी जगह-जगह तैनात हैं। पीसीआर वैन लगातार गश्त कर रही हैं। गलत पार्किंग करने वालों के चालान किए जा रहे हैं। लोगों से अपील है कि मार्केट में खरीदारी के लिए दोपहिया वाहन का इस्तेमाल करें। डीएसपी ने यह भी कहा कि शहर की आबादी और वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि पार्किंग स्पेस सीमित है। लोगों से निवेदन है कि यदि कहीं निर्माण कार्य चल रहा है तो वह दिन की बजाय रात में करें, ताकि ट्रैफिक पर असर न पड़े। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में 112 पर तुरंत कॉल करें।
व्यापारियों ने जताई चिंता, कहा- भीड़ बढ़ी पर व्यवस्था कम
फेज-3बी2 मार्केट एसोसिएशन के प्रधान अकविंदर गोसल ने बताया कि त्योहारों पर भीड़ तो हर साल बढ़ती है, लेकिन इस बार ट्रैफिक का दबाव अधिक महसूस हो रहा है। गाड़ियां सड़क के बीच में पार्क कर दी जाती हैं। मार्केट में खरीदारी करने वालों की सुविधा के लिए अगर अस्थाई पार्किंग या एकतरफा मार्ग तय किए जाएं तो स्थिति सुधर सकती है। वहीं फेज-5 मार्केट एसोसिएशन के प्रधान राजपाल चौधरी ने कहा कि स्टॉल्स और दुकानों के बाहर फुटपाथ तक भर गए हैं। जब तक प्रशासन साफ-सुथरी पार्किंग व्यवस्था नहीं करेगा, तब तक त्योहारों में जाम आम बात रहेगी।
नागरिकों के लिए सुझाव
त्योहारी खरीदारी के दौरान यातायात जाम से बचने और सहूलियत के लिए नागरिक निम्नलिखित उपाय अपना सकते हैं:
- दोपहिया वाहन, ऑटो या कार पूलिंग का अधिक से अधिक उपयोग करें।
- बाजारों में पैदल चलने जैसे विकल्पों पर विचार करें।
- शाम के व्यस्त समय में बाजार जाने से जहां तक पॉसिबल हो, परहेज करें।
- वाहन हमेशा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।