मोहाली। जिले में पिछले दो दिन में कोरोना संक्रमण से पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, इसीदौरान 563 नए कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा 428 पर पहुंच गया है। हालांकि इन दो दिनों में 603 लोग कोरोना को मात देकर तंदुरुस्त हुए हैं।
सोमवार को होली के दिन कोरोना संक्रमण से चार लोगोें की मौत हो गई थी और 290 नए कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके अगले दिन मंगलवार को एक और व्यक्ति की मौत हो गई और 273 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों की रोकथाम के लिए डीसी गिरीश दियालन ने लोगों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा है कि कोरोना को पूरी तरह मात देने के लिए हम सभी को कोरोना दिशानिर्देशों का पूरी तरह पालन करना चाहिए। इसके साथ ही भीड़ वाली जगह पर जाने से बचना चाहिए और दुकानों में सामाजिक दूरी बनाकर रखनी चाहिए।
सोमवार को होली के दिन अकेले मोहाली शहर में कोरोना संक्रमण के 175 मामले सामने आए थे। इसके अलावा डेराबस्सी में 37, ढकोली में 29, घडुआं में 5, खरड़ में 31, कुराली में 8 और लालड़ू में 5 संक्रमण के मामले आए थे।
जबकि मंगलवार को संक्रमित पाए गए लोगों में ढकोली के 49, घडुआं के 4, डेराबस्सी के 2 और मोहाली शहर के 218 लोग शामिल हैं। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 26439 हो गई है। हालांकि सोमवार को 239 और मंगलवार को 364 लोगों ने कोरोना संक्रमण से निजात पाई है। साथ ही जिले में अब तक कोरोना संक्रमण से निजात पाकर सेहतमंद होने वालों की संख्या 22759 हो गई है। फिलहाल जिले में कोरोना के 3252 मामले सक्रिय हैं।