खरड़। लांडरां रोड पर स्थित अंसल औरचिड नामक सोसाइटी के फ्लैटों की नौवीं मंजिल से कूदकर एक एमएनसी के कर्मचारी युवक ने आत्महत्या कर ली। इस संबंधी पुलिस थाना सदर खरड़ के इंचार्ज दविंदर सिंह ने बताया कि 23 वर्षीय युवक अभिषेक मदान पुत्र राजेश मदान निवासी जालंधर, हाल निवासी अंसल औरचिड टावर नंबर 6 फ्लैट नंबर-203 सेक्टर 115 खरड़ में अपने दोस्तों के साथ किराये पर रह रहा था। यहां पर वह एक मल्टी नेशनल कंपनी में नौकरी करता था। उन्होंने बताया कि मृतक अभिषेक पिछले कुछ दिनों से दिमागी तौर पर परेशान चल रहा था और इसी परेशानी के चलते वीरवार को उसने टावर की नौवीं मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को तुरंत सरकारी अस्पताल खरड़ ले जाया गया। यहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता राजेश मदान के बयान पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।