डेराबस्सी। हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने शुक्रवार को गांव सैदपुरा के मोहल्ला क्लीनिक का दौरा किया। इस मौके पर विधायक कुलजीत रंधावा ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के आदेश के मुताबिक पूरे पंजाब में मोहल्ला क्लीनिक खोलने के आदेश दिए गए हैं, ताकि आम लोगों को मामूली इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि मोहल्ला क्लीनिक खुलने से लोगों को काफी सेहत सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि मोहल्ला क्लीनिक में लोगों के 40 से अधिक टेस्ट और 100 से अधिक दवाइयां मुफ्त दी जाएंगी।
विधायक ने कहा कि पिछली सरकारों ने हलके के कामों को छोड़कर पैसे खाने की जहमत नहीं उठाई और ये है आम आदमी पार्टी की सरकार जो लोगों को सहूलियत देने के लिए है। पिछली सरकार की गलतियों को सुधारने में समय लग रहा है, लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार सभी कामों को पूरा करेगी। हलका विधायक ने संबंधित अधिकारियों को अधूरे काम को जल्द पूरा करने के आदेश दिए, ताकि 15 अगस्त को मोहल्ला क्लीनिक का उद्घाटन किया जा सके। इस मौके पर अशोक पथरियन, हलका विधायक पीए सुमित गर्ग, अजय कुमार, जोगिंदर बाबा, हरप्रीत सिंह टिंकू, सुरेश कुमार, एडवोकेट अब्दुल गोफर खान, सुधीर कुमार, एडवोकेट सुरेश कुमार, बलजीत शर्मा और आप के अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।