जीरकपुर। हलका शिअद विधायक एनके शर्मा ने एडीसी शहरी मोहाली को लिखित शिकायत देकर जीरकपुर में करवाए जा रहे विकास कार्यों में बड़े स्तर पर घपला करने का शक जाहिर किया है। उन्होंने एडीसी हिमांशु अग्रवाल मोहाली को मांग पत्र देकर शहर में नगर काउंसिल की ओर से निकाले जा रहे टेंडरों पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।
अपने मांग पत्र में एनके शर्मा ने आरोप लगाया है कि नगर काउंसिल के कार्यकारी अधिकारी, प्रधान और म्यूनिसिपल इंजीनियर की मिलीभगत से नियमों को तोड़कर अपने चहेते ठेकेदारों को विकास कार्यों के टेंडर अलॉट किए जा रहे हैं। यह सिलसिला पिछले काफी लंबे समय से चला आ रहा है। एडीसी (शहरी) को दी शिकायत में विधायक शर्मा ने यह भी आरोप लगाया है कि नगर काउंसिल जीरकपुर के प्रधान उदयवीर ढिल्लों, कार्यकारी और म्यूनिसिपल इंजीनियर की मिलीभगत से सांगवान कोआपरेटिव सोसायटी, दि बजरूर कोऑपरेटिव सोसायटी और दि मकराबपुर कोआपरेटिव सोसायटी नाम की तीन सोसायटीज को जो टेंडर अलॉट किए गए हैं, वह बिल्कुल नियमों की अनदेखी करके किए गए हैं। उन्होंने इसकी 16 नवंबर को भी शिकायत दी थी, लेकिन इसके बावजूद नगर काउंसिल में लूटमार निरंतर जारी है। वहीं 16 दिसंबर को भी करीब 240 कार्यों के टेंडर लगाए गए हैं, लेकिन नियमों के अनुसार इन कामों की सूची नगर काउंसिल के डिस्पले बोर्ड पर प्रकाशित नहीं की गई है और न ही यह काम पोर्टल पर हैं। उन्होंने मांग की है कि 16 दिसंबर को लगने वाले इन टेंडरों को तुरंत रोका जाए और इनकी सूची की जांच करवाकर एडीसी मोहाली की निगरानी में लगवाई जाए। जिससे नगर काउंसिल में चल रहे घपले को रोका जा सके। वहीं विधायक एनके शर्मा ने शिकायत कॉपी निकाय विभाग के निदेशक, सचिव और विजिलेंस को भेजकर जांच की मांग की है।
झूठी शिकायतें दे रहे विधायक
नगर काउंसिल के प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि सभी विकास कार्यों के टेंडर नियमों के मुताबिक लगाए गए हैं। लेकिन हलका विधायक एनके शर्मा शहर के विकास में रुकावट डालने के लिए बेबुनियाद और झूठी शिकायतें दे रहे हैं।