मोहाली। अब मोहाली की निगरानी करने के लिए पुलिस न सिर्फ जनता से सीधा संवाद करने में जुट गई है। इसके लिए जिले की पूरी पुलिस फोर्स को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मोहाली पुलिस के इस सोशल कनेक्ट का नाम है मिशन निगरानी। उद्देश्य है कि जनता के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा जानकारी मिले और पुलिस का रिस्पांस टाइम कम किया जा सके।
इसके अंतर्गत सभी पीसीआर कर्मियों को आदेश दे दिया गया है कि वह पार्कों में जाएं और रेजीडेंट्स से सीधा संवाद करें। इसका उद्देश्य है कि मोहाली में होने वाली घटनाओं को तो रोका ही जाए साथ ही पुलिस को जनता के माध्यम से भी रियल टाइम अपडेट मिले। जिससे क्राइम कंट्रोल करने में आसानी होगी।
मोहाली में तेजी से बढ़ते क्राइम पर कंट्रोल करने के लिए पुलिस जनता के बीच विश्वास पैदा कर रही है। उद्देश्य है कि जनता के माध्यम से मिलने वाले फीडबैक मिले और उसके ऊपर काम किया जाए। पुलिस को इसके परिणाम भी मिलने लगे हैं। मोहाली, जीरकपुर, डेराबस्सी, खरड़, लांडरा, बनूड़, कुराली और नयागांव के सभी अधिकारियों को स्पष्ट रूप से आरडब्लूए की मीटिंग करने के लिए निर्देशित किया जा चुका है। इन अधिकारियों को सिर्फ मीटिंग ही नहीं करनी है बल्कि इसका फीडबैक भी उच्चाधिकारियों को देना आवश्यक कर दिया गया है। जिससे अधिकारी भी समझ सकें कि वास्तव में क्या समस्याएं हैं।
डार्क पॉइंट, मार्केट में पेट्रोलिंग ज्यादा
मोहाली में पेट्रोलिंग तो बढ़ा ही दी गई है साथ ही डार्क पॉइंट्स को चिन्हित करके उनके ऊपर नजर रखने को भी कह दिया गया है। पीसीआर कर्मचारियों से इन प्वाइंट्स पर पेट्रोलिंग करने के लिए निर्देशित किया जा चुका है।
सीसीटीवी कैमरे भी बनेंगे अब हथियार
अब जल्द ही मोहाली में लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरे भी पुलिस का हथियार बनेंगे। जानकारी के अनुसार यह सीसीटीवी कैमरे इस माह के अंत से आपरेट होने लगेंगे। जिससे चालान भी हो सकेंगे साथ ही अराजक तत्वों पर नजर रखी जा सकेगी।
कोट्स
हमारा उद्देश्य पब्लिक कनेक्ट करना है। जिसके लिए हमने पीसीआर कर्मचारियों को पार्कों में जाकर रेजीडेंट्स के साथ संवाद स्थापित करने को कहा है। पुलिस के साथ रेजिडेंटस वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक का लगातार आयोजन किया जा रहा है। हमने जिले में पेट्रोलिंग तो बढ़ा ही दी है। इन सभी का उद्देश्य क्राइम कंट्रोल करना है। इसके साथ ही ही इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से पब्लिक कनेक्ट किया जा रहा है। -दीपक पारिख, एसएसपी, मोहाली